फर्रुखाबाद। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक लिखित परीक्षा तीन केंद्रों पर शनिवार व रविवार को होगी। प्रथम पाली में दो केंद्रों पर 942 और दूसरी पाली में 1372 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा कराने की तैयारी कर ली है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के आदेश पर 2021 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक लिखित परीक्षा सात व आठ अगस्त को कराई जाएगी। शहर में क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद व केआर रस्तोगी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डीएम मानवेंद्र सिंह ने प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षक अधिकारी की तैनाती कर दी है।
बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी राजेश कुमार त्रिपाठी को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। प्रथम पाली की परीक्षा 9.30 से 11.30 बजे तक और दोपहर में 2.30 से 4.30 बजे तक होगी। प्रथम पाली में जीआईसी फर्रुखाबाद में 480, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में 462 अभ्यर्थी और दूसरी पाली में जीआईसी फर्रुखाबाद में 480, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में 480 और केआर रस्तोगी इंटर कॉलेज में 412 अभ्यर्थी शामिल होंगे। डीआईओएस डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा की तैयारी कर ली गई है।