नवागंतुक एसपी अशोक कुमार मीणा। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। सहारनपुर जनपद में एसपी ग्रामीण के पद पर तैनात आईपीएस अशोक कुमार मीणा को फर्रुखाबाद का एसपी बनाया गया है। 21 माह 13 दिन जनपद में तैनात रहे एसपी डॉ. अनिल मिश्रा को लखनऊ डीजीपी मुख्यालय में एसपी प्रशासन के पद पर भेजा गया है। करथिया कांड में एसपी अनिल की मुख्यमंत्री ने सराहना की थी।
यहां एसपी डॉ अनिल मिश्रा की तैनाती 18 फरवरी 2019 को हुई थी। उन्होंने एक वर्ष 9 माह व 13 दिन का कार्यकाल पूरा कर कई वर्षों के रिकार्ड तोड़ दिए।
बतौर एसपी पिछले 19 वर्ष में किसी भी एसपी ने इतना लंबा कार्यकाल नहीं पूरा किया था। उनके कार्यकाल में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव करथिया में 23 बच्चों को बंधक बनाने की घटना ने शासन को झकझोर दिया था।
आईजी मोहित अग्रवाल व एसपी डॉ. अनिल मिश्रा के कुशल निर्देशन में सभी बच्चों को सकुशल बचाकर बदमाश सुभाष इनकाउंटर में मारा गया था। उसकी पत्नी रूबी को भीड़ ने मार दिया था।
इस घटना में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने आईजी समेत एसपी व डीएम को लखनऊ में सम्मानित किया था। उनके कार्यकाल में विभाग के कर्मचारी भी अवकाश को लेकर परेशान नहीं हुए।