गर्मी बढ़ते ही संकट, शहर व गांव में दिन भर बिजली रही गुल
फर्रुखाबाद। गर्मी बढ़ते ही बिजली दगा देने लगी है। 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से नवाबगंज, हजियांपुर, गंगापार क्षेत्र के चार विद्युत उपकेंद्र सुबह से देर शाम तक बंद रहे। फतेहगढ़ विद्युत उपकेंद्र के दस एमवीए ट्रांसफार्मर की बुशिंग के धुआं देने से शहरी क्षेत्र के मोहल्लों की दिनभर बिजली गायब रही। इससे लोग गर्मी में परेशान रहे।
गर्मी बढ़ने से मंगलवार को विद्युत उपकेंद्र पर लगे उपकरण और 33 केवी लाइन दगा दे गई। फतेहगढ़ उपकेंद्र पर दस एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। ओवरलोड होने से उसकी बुशिंग धुआं दे गई। इससे फतेहगढ़ उपकेंद्र के चारों फीडर बंद कर दिए गए। दिनभर बिजली गुल रहने से शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता गर्मी से बेहाल रहे।
नवाबगंज और हजियांपुर उपकेंद्र की 33 केवी लाइन का गांव रावतपट्टी के पास तार टूट गया। इससे दोनों उपकेंद्र ठप हो गए। करीब तीन सौ गांवों की बिजली गुल रही। टूटे तार को जोड़कर दिन में दो बजे दोनों उपकेंद्र चालू कर ग्रामीण इलाकों को बिजली दी गई।
कंपिल उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से करीब 90 गांवों की बिजली दोपहर में गुल हो गई। देर शाम फाल्ट को ठीक कर बिजली दी गई। गंगापार क्षेेत्र में करीब पौने दो सौ गांवों को चार उपकेंद्रों से बिजली दी जाती है। फाल्ट होने से सुबह पौने आठ से देर शाम तक चारों उपकेंद्र ठप होने से गांवों की बिजली बंद रही।
देर शाम जब फाल्ट ठीक हुए तब गांवों की बिजली चालू हो सकी। अधिक गर्मी होने और बिजली गुल रहने से शहरी व ग्रामीण इलाकों के लोग गर्मी से बेहाल रहे।