निर्जला व्रत रख डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
फर्रुखाबाद। पांचालघाट स्थित गंगा तट पर शुक्रवार को छठ पूजा का आयोजन किया गया। तमाम महिला भक्तों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। शाम तक पूजन का क्रम चलता रहा।
पूर्वांचल विकास समिति की देखरेख में महिला-पुरुष, बच्चे पांचाल घाट स्थित गंगा तट पर पहुंचे। वहां सुबह से ही तैयारियां पूरी की जा चुकी थीं।
सोलह शृंगार किए सुहागिनों ने पूजन थाल सजाकर गंगा में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इससे पहले पतियों ने थाली में लोटे से जल प्रदान किया। सभी ने एक दूसरे पर जल सिंचन किया। समिति अध्यक्ष केदार शाह, अतुल शर्मा, विकास कुमार सिन्हा, अजीत कुमार भट्ट, शमीम अहमद, जनार्दन शर्मा ने व्रत रखे लोगों का सहयोग किया।
सभी ने कोरोना संक्रमण से बचाव की छठ माता से प्रार्थना की। इस मौके पर पूनम शर्मा, उर्मिला भट्ट, रीमा देवी, सीता शाह, रंजना, आशा, चित्रा, आलिया आदि मौजूद रहीं।
सजाई गई रंगोली, किया दीपदान
गंगा के किनारे बालू पर युवतियों ने रंगोली सजाई। इस दौरान बच्चों ने मां गंगा को दीपदान भी किया। इस दौरान पूजन का क्रम भी चलता रहा।
ढोल-नगाड़े संग पहुंचे भक्त
दोपहर दो बजे से ही पूजन करने के लिए लोग परिवार सहित पहुंचने लगे थे। कई परिवार ढोल-नगाड़े लेकर पैदल गंगा तट तक पहुंचे। इससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर समापन आज
तीन दिन चलने वाले छठ पूजन के अंतिम दिन शनिवार को सुबह सूर्योदय के वक्त व्रत रखे सभी लोग गंगा तट पर पहुंचेंगे। जैसे ही सूर्य का प्रथम दर्शन होगा, श्रद्धालु अर्घ्य प्रदान करेंगे। इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ निर्जला व्रत का समापन हो जाएगा।