फोटो-23, कमालगंज के रेलवे स्टेशन पर परिचालन प्रबंधक को ज्ञापन देते रामलीला कमेटी के पदाधिकारी।
कमालगंज। उत्तर पूर्व रेलवे गोरखपुर के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक ने शुक्रवार शाम कमालगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही कानपुर-मथुरा रेलवे लाइन के दोहरीकरण की स्वीकृति की खुशखबरी मिलेगी।
दोहरी लाइन होने पर कई गुना ट्रेनें बढ़ जाएंगी। इटावा-दिल्ली रूट पर ट्रेनों का दबाव कम हो सकेगा। मुख्य परिचालन प्रबंधक गोरखपुर अनूप सत्पथी शुक्रवार शाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। रामलीला कमेटी अध्यक्ष अजय माहेश्वरी, महामंत्री व रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य डॉ. शिवकुमार गोयल आदि ने उन्हें ज्ञापन दिया।
इसमें रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग पर जाम की समस्या दूर करने के लिए ओवरब्रिज बनवाने, एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव करने, कानपुर से रात 10 बजे फर्रुखाबाद के लिए ट्रेन शुरू करने सहित अन्य मांगें उठाई गईं।
इस पर मुख्य परिचालन प्रबंधक ने कहा कि वह डीआरएम के साथ बैठकर कमालगंज से जुड़ी रेल सुविधाओं पर विचार करेंगे। वहीं, उन्होंने कहा कि कानपुर-मथुरा रेल लाइन दोहरीकरण होने पर गाड़ियां दोगुनी के बजाय कई गुनी बढ़ जाएंगी। उन्होंने कमालगंज क्षेत्र की आबादी पूछी तो बताया गया कि क्षेत्र की दस लाख आबादी कमालगंज रेलवे स्टेशन पर निर्भर है। हरदोई मार्ग पर पक्का पुल चालू हो जाने पर हरदोई जिले का काफी हिस्सा रेल सुविधाओं के लिए कमालगंज पर निर्भर होगा।
मौजूद लोगों ने एक नंबर प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने, दो नंबर प्लेटफॉर्म की ऊंचाई वृद्धि, चौरीचौरा एक्सप्रेस फर्रुखाबाद तक बढ़ाने की भी मांग की। इसके अलावा अयोध्या जाने वाली उत्सर्ग, जयपुर व आनंद बिहार एक्सप्रेस का कमालगंज में स्टॉपेज स्वीकृत करने के साथ ही स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय की मांग की।