मेला रामगरिया में बैठा अन्ना गोवंश का झुंड। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। पांचालघाट गंगा तट पर लगे मेला रामनगरिया में घूम रहे अन्ना मवेशी साधु-संतों और कल्पवासियों के लिए परेशानी का सबब बने हैं। मेला की व्यवस्थाएं देखने पहुंचीं सिटी मजिस्ट्रेट से साधु-संतों ने मवेशियों को पकड़वाने की मांग उठाई। मेला क्षेत्र में सफाई न होने की शिकायत की। पेयजल के लिए सबमर्सिबल लगाने से मना करने पर मेला व्यवस्थापक से बच्चा स्वामी की नोकझोंक हो गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने सबमर्सिबल लगवाने का आश्वासन देकर बच्चा स्वामी को शांत किया।
पांचालघाट पर मेला रामनगरिया लग गया है। 17 जनवरी को इसका उद्घाटन होगा। साधु-संत व गंगा भक्तों ने एक माह कल्पवास करने के लिए डेरा डाल लिया है। गुरुवार को सिटी मजिस्टेट दीपाली भार्गव ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। मेला क्षेत्र में जगह-जगह गदंगी देखकर उन्होंने व्यवस्थापक संदीप दीक्षित से नाराजगी जताई और सफाई कराने के निर्देश दिए। पीडब्लूडी के अधिकारियों को पैंटून पुल जल्द चालू कराने के लिए कहा।
उन्होंने दुकानदारों से कहा कि मेला में पॉलिथीन, थर्माकोल के पत्तल, ग्लास नहीं बेचे जाएंगे। कल्पवासियों व साधु-संतों ने मेला में घूम रहे अन्ना मवेशियों से हो रही परेशानी बताई। उनको पकड़वाने की मांग की। शिव स्वरअूप बच्चा स्वामी ने मेला क्षेत्र में सफाई न होने, पेयजल की व्यवस्था और रोशनी व्यवस्था न किए जाने की शिकायत की। जो शौचालय बनाए गए हैं वह गंदे पड़े हैं। शौचालय के पास अभी तक पानी के लिए ड्रम और बाल्टी नहीं रखवाई गई।
बच्चा स्वामी ने कहा कि उनके क्षेत्र में काफी राउटी लगी हैं और भंडारा भी होता है। हर साल सबमर्सिबल लगाया जाता था। इस बार नहीं लगाया गया। मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित ने कहा कि सबमर्सिबल नहीं लगाया जाएगा। पानी की सप्लाई पाइप से दी जाएगी। इससे बच्चा स्वामी नाराज हो गए और उनकी मेला व्यवस्थापक से नोकझोंक होने लगी। सिटी मजिस्ट्रेट ने सबमर्सिबल लगवाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।