रेलवे स्टेशन पर मुख्य भवन का होता निर्माण कार्य।
फर्रुखाबाद। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन भवन निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। अगले तीन माह में नया टिकटघर यात्रियों को समर्पित कर दिया जाएगा। करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस परियोजना में प्रतीक्षालय के गर्डर लगाए जा रहे हैं, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर चार व पांच पर बैरिकेडिंग कर पिलर की खुदाई की तैयारी है। प्लेटफॉर्म नंबर एक का उच्चीकरण भी तय किया गया है।
शुरुआत में निर्माण कार्य धीमा रहा, लेकिन कन्नौज हादसे के बाद नई निर्माण एजेंसी ने काम में तेजी लाई है। डीआरएम, एडीआरएम और गोरखपुर मंडल के अधिकारियों के निरीक्षण के बाद कार्य में और भी गति आई है।
टिकटघर का ढांचा तैयार है, अब दरवाजों पर गेट लगना बाकी है। प्रतीक्षालय में लोहे के गर्डर लगाकर एंगल फिट किए जा रहे हैं, जिन पर शीघ्र ही साइनिंग शेड लगाया जाएगा।
स्टेशन पर दिव्यांग, वृद्ध और बीमार यात्रियों के लिए स्वचालित सीढ़ियां लगाई जानी हैं। इसके लिए प्लेटफॉर्म चार और पांच पर फाउंडेशन कार्य शुरू नहीं हुआ था, जिसे अब तेज किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कार्यस्थल पर बैरिकेडिंग कराई गई है। प्लेटफॉर्म एक पर तिकोने गर्डर पहले ही लगाए जा चुके हैं।
प्लेटफॉर्म एक की लंबाई बढ़ाने में ट्रैकमैन के पुराने आवास बाधा बन रहे थे। रेलवे ने नए आवास बनवाकर उन्हें स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे रात के समय यात्रियों को होने वाली परेशानियों का समाधान हो सकेगा।
पांच नंबर प्लेटफार्म की बैरिकेडिंग में कर्मी लगे हैं। इसके तुरंत बाद मुख्य भवन पर काम होगा। अफसरों के निर्देशों के अनुपालन में तय समय में यात्रियों को भवन समर्पित करने की तैयारी है।
- एससी विश्वकर्मा, इंजीनियर, कार्यदायी संस्था