15 साल पहले हुए विद्युतीकरण के बाद भी ग्राम सभा अल्हादपुर भटौली के ग्रामीणों को अभी तक बिजली नसीब नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से बिजली आपूर्ति करवाए जाने की मांग की जा चुकी है लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
तहसील अमृतपुर क्षेत्र के गांव अल्हादपुर भटौली में वर्ष 2001 में रिलायंस कंपनी की ओर से विद्युतीकरण कराया गया था। खंभे और लाइनें खींची गईं। 5 केवी का ट्रांसफार्मर भी रखवाया गया। ग्रामीणों ने कनेक्शन भी ले लिए। ठेकेदार ने ग्रामीणों के घरों में बिजली के मीटर भी लगा दिए लेकिन सिर्फ चेकिंग के लिए ही कुछ मिनट ही बिजली आपूर्ति की गई। इसके बाद आज तक गांव में बिजली नहीं आई है लेकिन बिल ग्रामीणों के पास भेज दिए गए। बिजली को लेकर ग्रामीणों ने कई बार तहसील अमृतपुर और कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन भी किया। बिजली आपूर्ति न होने से लगाए गए तार और ट्रांसफार्मर भी जर्जर स्थिति में पहुंच गए हैं।
मूलचंद्र वर्मा का कहना है िककि विद्युतीकरण होने के बाद आस जगी थी कि अब उनका घर भी बिजली से रोशन रहेगा लेकिन तब कुछ मिनट ही बल्ब जले। बिजली आपूर्ति चालू करवाए जाने के लिए सांसद मुकेश राजपूत से भी गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
श्यामपाल ने बताया कि कई साल बाद गांव में विद्युतीकरण तो करा दिया गया लेकिन बिजली आपूर्ति आज तक नहीं की गई। बिजली न आने से बच्चे दीपक की रोशनी में पढ़ने को मजबूर हैं। रात होते ही गांव में अंधेरा पसर जाता है। उन्होंने बिजली आपूर्ति चालू करवाए जाने की मांग की है।
- श्यामपाल वर्मा
भइयालाल ने कहा कि गांव में बिजली की लाइन बिछी है और ट्रांसफार्मर भी रखा है लेकिन बिजली आपूर्ति आज तक नहीं हुई है। इससे खंभे, तार और ट्रांसफार्मर मुंह चिढ़ा रहे हैं। कई बार बिजली विभाग के अफसरों से लेकर जनप्रतिनिधियों से आपूर्ति चालू कराए जाने की मांग भी की लेकिन कोई नहीं सुन रहा है। -भइयालाल
फौजदार का कहना है कि ग्रामीणों की समस्याओं को न तो अफसर सुनते हैं और न ही जनप्रतिनिधि। 15 साल से गांव में विद्युतीकरण तो है लेकिन आपूर्ति नहीं की जा रही है। बिजली विभाग के अफसर यह बताने को तैयार नहीं हैं कि आखिर आपूर्ति क्यों नहीं हो रही है। सरकार के लाखों रुपये खर्च क्यों करवाए गए। -फौजदार
जल्द होगी बिजली चालू
गांव अल्हादपुर भटौली में विद्युतीकरण होने के बावजूद बिजली आपूर्ति न होने का मामला उनके संज्ञान में है। इसकी जांच करवाई जा रही है। शीघ्र ही गांव में बिजली आपूर्ति चालू करवाई जाएगी।
अमर सिंह (एक्सईएन, विद्युत विभाग)