मां सरस्वती महामृत्युंजय समाज सेवा समिति की ओर से सोमवार को गुरुगांव देवी मंदिर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान पांडेश्वरनाथ मंदिर से एक साथ बैंडबाजों की धुनों पर 13 बारातें निकाली गईं।
रेलवे रोड स्थित पांडेश्वरनाथ मंदिर परिसर में सोमवार सुबह से ही वर व वधू पक्ष के लोगों का आना शुरू हो गया। इसके बाद मां सरस्वती महामृत्युंजय समाज सेवा समिति के पदाधिकारियों ने मां सरस्वती के स्वरूप का पूजन-अर्चन किया। दोपहर बाद धूमधाम से बारात निकाली गई। बैंडबाजों की धुनों पर बाराती जमकर झूमे।
गुरुगांव देवी मंदिर में आचार्यों के सानिध्य में विवाह कराए गए। इस दौरान कमेटी की ओर से वर और कन्या को उपहार भी भेंट किए गए। कार्यक्रम आयोजक राजकिशोर शुक्ल ने बताया हर साल वसंत पंचमी के पर्व पर यह सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि 14 जोड़ों ने पंजीकरण करवाया था। एक जोड़ा किसी कारणवश नहीं आया। इस दौरान कोषाध्यक्ष रेखा शुक्ला, अध्यक्ष डॉ. राकेश दुबे, उपाध्यक्ष डंपी पांडेय, सचिव पवन शुक्ल, निर्मल दीक्षित, डॉ. अखिलेश त्रिवेदी, शेर सिंह राठौर और रतन अग्निहोत्री आदि रहे।