फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद के संकिसा रोड पर गांव बहादुर नगला के पास रविवार भोर कांवड़िया को टक्कर मारकर अनियंत्रित कार बिजली के खंभे से टकरा गई। इसमें कांवड़िया घायल हो गया। खंभा टूटने के साथ कार के परखच्चे उड़ गए और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, वहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव अछरौड़ा निवासी कार चालक मोहनलाल राजपूत (35) दोस्त के कहने पर शनिवार को शहर के एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। तड़के चार बजे वह कार से घर के लिए निकला। संकिसा रोड पर गांव बहादुर नगला के पास महाशिवरात्रि पर जा रहे कांवड़िया जनपद एटा थाना नयागांव क्षेत्र के गांव पहाड़पुर निवासी नितिन को कार की टक्कर लग गई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
टक्कर की तेज थी कि खंभा टूट गया, कार के परखच्चे उड़ गए और चालक मोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को सीएचसी मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने से कांवड़िया को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मोहनलाल अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उससे छोटे भाई सुरजीत व मिथुन हैं। पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद गांव के ही राजीव ने बताया कि 12 वर्ष पूर्व मोहनलाल की उन्होंने ही शादी कराई थी। उसके एक पांच वर्ष का बेटा है। मोहनलाल जीप, कार आदि छोटे वाहनों का चालक था। इसी से वह परिवार का भरणपोषण करता था। पिता चंद्र प्रकाश व उसके भाई खेती करते हैं। मोहम्मदाबाद कोतवाल विनोद शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
फोटो-3 मोहनलाल। फाइल फोटो