कंपिल। पीड़िता किशोरी के जहर खाने के बाद पुलिस हरकत में आई और घटना के पांच दिन बाद दुष्कर्म के दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। इससे पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
क्षेत्र के एक गांव निवासी दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई न होने से आहत होकर शनिवार को जहर खा लिया था। उसकी हालत बिगड़ने पर भाई ने सीएचसी में भर्ती कराया। इसके बाद परिजन किशोरी को सीएचसी कायमगंज ले गए। वहां से उसे लोहिया अस्पताल भेज दिया गया था। वायरल वीडियो में पीड़िता कह रही है एक मार्च को पड़ोसी गांव के दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। थाने में शिकायत करने गई तो पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी और भगा दिया। दूसरी ओर पुलिस ने घटना को दबाने के प्रयास में मारपीट का मामला बताकर दोनों पक्ष से छह लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया था। पीड़िता के जहर खाने के बाद हरकत में आई पुलिस ने शनिवार देर रात पड़ोसी गांव निवासी सुमित व प्रभात के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।