शमसाबाद। परिजनों से कहासुनी के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों का हाल बेहाल हो गया। पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर नमूने लिए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला अलेपुर निवासी मोरपाल (19) पिता रामविलास के साथ खेती में हाथ बंटाता था। मोरपाल की रविवार को घर में परिजनों से कहासुनी हो गई थी। सोमवार की भोर मोरपाल घर से निकल गया। सुबह राहगीरों ने शमसाबाद-फर्रुखाबाद मार्ग पर अंगौछे के फंदे से मोरपाल को पेड़ पर लटका हुआ देखा। सूचना पर पिता रामविलास, मां कृष्णा देवी, भाई भैयालाल, वीर बहादुर, सहदेव सहित परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना पर पुलिस व फाेरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। पुलिस ने आत्महत्या करने का कारण पूछा , तो परिजनों ने बताया कि खेती को लेकर उसकी मामुली कहासुनी हो गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ बलराज भाटी ने बताया कि परिजनों से कहासुनी के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी है। सूचना मिलने पर जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।