कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव गऊटोला में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने खुद को तमंचे से गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू की।
गांव गऊटोला निवासी महेंद्र सिंह (40) का शनिवार को अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया गया है कि दिन में इस विवाद को सुलझाने के लिए महेंद्र के साले भी उनके घर पहुंचे थे। शाम को महेंद्र ने अपने घर के पास ही तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो महेंद्र खून से लथपथ पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।