फर्रुखाबाद। नए कृषि कानून के विरोध में चल रहे आंदोलन को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को तीन जोन व 13 सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। जबकि शहर में अतिरिक्त एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी है।
नए कृषि कानून व संशोधन के विरोध में दिल्ली में किसानों का आंदोलन चल रहा है। इसका असर अब प्रदेश में भी पहुंच गया है। किसानों ने आठ दिसंबर को भारत बंद करने की घोषणा भी की है।
इसको लेकर सतर्कता के चलते जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी विवेक श्रीवास्तव को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया है।
तीन जोन में तहसील सदर में एसडीएम अनिल कुमार, तहसील कायमगंज में एसडीएम सुनील कुमार यादव व तहसील अमृतपुर क्षेत्र में एसडीएम बृजेंद्र कुमार को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया है।
शहर में फतेहगढ़ व फर्रुखाबाद कोतवाली और मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी अपर उपजिलाधिकारी नरेंद्र सिंह संभालेंगे। वहीं सभी 13 थाना क्षेत्रों में जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।