फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी के आदेश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीवान सिंह ने रेजीडेंशियल पब्लिक स्कूल नूरपुर का निरीक्षण करने का आदेश बीईओ बढ़पुर को दिया है। विद्यालय में मान्यता अभिलेख न मिलने पर विद्यालय प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश दिया।
बढ़पुर ब्लाक के नूरपुर गांव से पुठरी जाने वाले मार्ग पर रेजीडेंशियल पब्लिक स्कूल एक भवन में संचालित हो रहा है। भवन के विवाद को लेकर हुई शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने नवंबर में लेखपाल के साथ जांच की थी। उनको भवन में आवासीय विद्यालय रेजीडेंशियल पब्लिक स्कूल के नाम से चलता मिला। इसमें 50 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे।
यहां आवासीय विद्यालय जैसी कोई सुविधाएं नहीं थीं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक व शिक्षक मान्यता संबंधी अभिलेख नहीं दिखा पाए। एडीएम ने डीएम को दी रिपोर्ट में बगैर मान्यता चल रहे विद्यालय में बीईओ बढ़पुर की भी संलिप्तता होना दर्शाया था। एडीएम की रिपोर्ट पर डीएम ने बीएसए को विद्यालय बंद कराने का आदेश दिया था। बीएसए दीवान सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी बढ़पुर को निरीक्षण कर मान्यता संबंधी अभिलेखों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। कहा गया था कि तीन दिन में निरीक्षण कर मान्यता संबंधी अभिलेखों की जांच की जाए। अगर मान्यता नहीं है तो विद्यालय प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा कर अवगत कराया जाए।