फर्रुखाबाद। शराब के लिए रुपये न देने पर भट्ठा ठेकेदार से मारपीट कर चार लोगों ने 1.95 लाख रुपये छीन लिए। ठेेकेदार ने थाने में शिकायत की तो पुलिस ने घटनास्थल बदायूं क्षेत्र में होने की बात कहकर कार्रवाई करने से इनकार दिया। पुलिस से शिकायत करने पर ठेकेदार को आरोपियों ने दोबारा पीटकर सड़क पर फेंक दिया।
कंपिल क्षेत्र के गांव गंगपुर शाहपुर निवासी अदीम भट्ठा मजदूरों की ठेकेदारी करते हैं। वह सोमवार सुबह बाइक से शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र में मजदूरों को रुपये बांटने जा रहे थे। अटैना पुल पार कर अदीम जिला बदायूं की ओर देशी शराब के ठेके के पास पहुंचे। जहां गांव के चार लोगों ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए रुपये मांगे। अदीम ने रुपये देने से इनकार किया तो मारपीट कर उसकी जेब से 1.95 लाख रुपये निकाल लिए। अदीम ने घटना की जानकारी कंपिल थाने में दी। इस पर पुलिस ने घटनास्थल बदायूं जिले में होने की बात कहकर वहीं के थाने में शिकायत करने के लिए कहा। अदीम थाने से राईपुर चिनहटपुर के पास पहुंचा तो फिर से चारों आरोपियों ने उसे घेर लिया।
इसके बाद पुलिस से शिकायत करने की बात पर अदीम को पीटकर सड़क पर फेंक दिया। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजन अदीम को थाना कंपिल ले गए। जहां रुपये छीनने व मारपीट की तहरीर दी। एसओ राजेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।