फर्रुखाबाद। दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ नवाबगंज पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई कर लीपापोती की है। यह आरोप लगाकर पीड़ित के पिता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र निवासी ग्रामीण ने शुक्रवार को एसपी अशोक कुमार मीणा को प्रार्थना पत्र देकर थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसमें बताया कि 26 जुुलाई को 15 वर्षीय पुत्री घर में थी। रात में नौ बजे सभी लोग सोने की तैयारी कर रहे थे। तभी पड़ोसी ने पुत्री को आवाज दी। पुत्री वहां गई। वहां पर पड़ोसी व उसकी पत्नी के अलावा गांव का युवक था। युवक ने पुत्री के सीने पर तमंचा लगाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पड़ोसी व उसकी पत्नी इस दौरान दरवाजे पर बैठे रहे। घटना का पता चले पर उसने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ा और शांतिभंग में चालान कर दिया। आरोपी खुलेआम घूमकर जाति सूचक गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी ने इस प्रकरण में गंभीरता से जांच करवाकर कार्रवाई कराने की बात कही है।