कंपिल। क्षेत्र के गांव इकलहरा के निकट शव और ग्रामीणों को लेकर जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार बालक की मौत हो गई और भाई घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
जिला बदायूं के थाना उसहैत के गांव जटा निवासी इमान खां का पुत्र महताब (10) कक्षा पांच का छात्र था। महताब शनिवार शाम करीब चार बजे अपने भाई खुशनूर के साथ बाइक से कंपिल बाजार जा रहा था। बाइक खुशनूर चला रहा था और हेलमेट नहीं लगाए था। कंपिल क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर के कुछ लोग ट्रैक्टर ट्राली से शव को अंत्येष्टि के लिए अटैना घाट लेकर जा रहे थे।
गांव इकलहरा के पास ट्रैक्टर ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहा खुशनूर दूर जा गिरा, जबकि महताब ट्रैक्टर के नीचे आ गया। हादसा होते ही मौके पर भीड़ लग गई। इसी बीच मौका देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
ट्रैक्टर ट्राली पर बैठे लोग भी शव लेकर चले गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने गंभीर घायल महताब व खुशनूर को सीएचसी कायमगंज भेज दिया। रास्ते में ही महताब की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। महताब तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। मां फरबीना रो-रोकर बेहाल हो गईं।