कमालगंज। कमालगंज से फतेहगढ़ जाते समय रास्ते में हुए हादसे में घायल सहायक अध्यापक की इलाज के दौरान सैफई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जनपद अलीगढ़ के कस्बा चंडौस निवासी रवेंद्र कुमार ने एक कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। कहा कि उसका बड़ा भाई धर्मेंद्र कुमार राजेपुर ब्लाक के गांव बहादुरपुर में स्थित विद्यालय में सहायक अध्यापक पद पर तैनात था। मंगलवार शाम वह भाई धर्मेंद्र के साथ बाइक से कमालगंज निजी कार्य से आया था।
फतेहगढ़ जाते समय शेखपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर वह खेतों में लघुशंका करने चला गया। इसी दौरान फतेहगढ़ की ओर से आ रही कार के अज्ञात चालक ने सड़क किनारे खड़े भाई धर्मेंद्र व बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। गंभीर हालत में कन्नौज स्थित अस्पताल ले गए। सुधार न होने पर रेफर किए जाने पर सैफई स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान उसी दिन मौत हो गई।