फर्रुखाबाद। सीमेंट से भरे एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार दूधिया को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। चौकी प्रभारी ने खुलवाने का प्रयास किया, तो उनसे अभद्रता कर दी। इसी दौरान कुछ लोगों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी, मगर पुलिस ने बुझा दिया। मामला बिगड़ता देख थाने से पहुंचे फोर्स ने शव को कब्जे में ले लिया। अभद्रता करने वाले तीन युवक भी पुलिस हिरासत में हैं। दूधिया हेलमेट नहीं लगाए था।
मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव पिपरगांव निवासी अनूप सिंह (22) पुत्र बलवीर सिंह यादव दूध का काम करता था। वह शाम को मऊदरवाजा थाने के गांव पचपुखरा में दूध देने आया था। इसके बाद वापस जा रहा था, तो गांव के पास ही गोदाम से सीमेंट लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। बाइक गिरने से ट्रैक्टर ऊपर से गुजर गया। इससे अनूप की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिससे भी अभद्रता की। भीड़ ने ट्रैक्टर को भी आग लगाई लेकिन पुलिस ने बुझा दी। देर रात तक मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित रहे।
नवाबगंज। कसबे में कंटेंटमेंट जोन की नाप-जोख करने पहुंची स्वास्थ्य टीम को व्यापारियों ने विरोध कर दिया। पुलिस बल न बल्लियां हटवाकर दुकानें बंद करा दीं। चार घंटे तक चली जद्दोजहद व नोकझोंक के बाद चौराहे की बंद दुकानें खुलवाई गईं।
स्वास्थ्य टीम ने तिराहे के कंटेनमेंट जोन के बल्ले खुलवाकर सब्जी मंडी के पीछे लगवाए तो दुकान बंद होते देख एक व्यापारी ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस फोर्स ने चौराहे की दुकानें व फुटपाथी दुकानें बंद करा दीं। इस पर व्यापारी बैकफुट आ गए। एक भाजपा नेता ने थानाध्यक्ष को त्योहार पर बाजार खुलवाने का अनुरोध किया। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि नियमानुसार 500 मीटर का मैप आया है। कंटेनमेंट जोन की जिम्मेदारी पुलिस की है।
नवाबगंज। सीएमओ डा.वंदना सिंह ने गुरुवार को सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ.गौरव राजपूत व डा.वंदना मिश्रा, फार्मासिस्ट आर मौर्या व सफाई कर्मी विजय सिंह अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने उनसे स्पष्टीकरण तलब किया। लैब में व्यवस्थाएं दुरुस्त कर अधिक से अधिक नमूने कराने के निर्देश दिए।