फर्रुखाबाद। बढ़पुर देवी मंदिर के पास रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर हरदोई से आए भाई ने शिनाख्त की।
सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे 25 साल का एक युवक बढ़पुर स्थित शीतला माता मंदिर के सामने घायल पड़ा मिला।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शिनाख्त न होने से पुलिस ने शव मर्च्युरी में रखवा दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि एक रोडवेज बस ने युवक को टक्कर मारी थी। हरदोई के शाहबाद थाने के गांव बेहटा कोहला निवासी दिनेश देर शाम पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, उन्होंने शव की शिनाख्त भाई दुर्वेश के रूप में की।
दिनेश ने बताया कि दुर्वेश दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वह दिल्ली जाने के लिए घर से रविवार दोपहर को निकला था, तभी हादसा हो गया। पुलिस रोडवेज बस के बारे में जानकारी कर रही है।