गांव हल्दी खेड़ा में रोते बिलखते नंदनी के परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कंपिल। क्षेत्र के गांव हल्दीखेड़ा में घर के बाहर खेल रही बच्ची की बोलेरो की टक्कर से मौत हो गई। चालक कान में लीड लगाकर तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। इससे वह घायल हो गया। बाद में उसे पुलिस के सुुपुर्द कर दिया गया।
गांव हल्दीखेड़ा निवासी जयसिंह की पुत्री नंदिनी (6) सोमवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी। कंपिल के मोहल्ला पट्टी मदारी निवासी अनिल अपनी बोलेरो से जा रहा था। कान में लीड लगाकर गाना सुनने के कारण उसका रफ्तार पर नियंत्रण नहीं रहा और बोलेरो ने नंदिनी को जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बोलेरो को लेकर खेतों की ओर भागा।
इस पर ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इससे अनिल घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को सीएचसी कायमगंज और बोलेरो को थाने भेज दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नंदिनी के पिता जयसिंह की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जयसिंह खेती करते हैं। तीन बहनों व एक भाई नंदनी सबसे छोटी थी। वह कक्षा एक में पढ़ती थी। मां सीमा रो-रोकर बेहाल हो गई।