फर्रुखाबाद। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को अब आधारकार्ड बनवाने के लिए भटकना नहीं होगा। सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर आधारकार्ड बनाए जाएंगे। आधारकार्ड बनने से अभिभावकों को दिक्कतों का सामना नहीं करना होगा।
परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का आधारकार्ड बनाया जाना अनिवार्य कर दिया गया है। आधारकार्ड न होने से बच्चों के प्रवेश में भी दिक्कत होती है। यही नहीं यूनिफार्म आदि का पैसा सीधे खाते में भेजने में भी परेशानी आती है। इन समस्याओं को देखते हुए ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर ही आधारकार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत जिले के सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों में आधारकार्ड मशीनें, प्रिंटर आदि सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। इन मशीनों को लगाकर बच्चों के आधारकार्ड बनाए जाएंगे। कुछ ब्लॉक संसाधन केंद्रों में आधारकार्ड मशीनें लग भी गई हैं।
आधारकार्ड मशीनें लगने से अभिभावकों को अब परेशान नहीं होना होगा। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अनुपम अवस्थी ने बताया कि बीआरसी केंद्रों पर आधारकार्ड मशीनें लगाकर बच्चों के आधारकार्ड बनवाए जाएंगे। आधारकार्ड बनाने के लिए अनुदेशक को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद अनुदेशक की तैनाती कर आधारकार्ड बनवाया जाना शुरू किया जाएगा। ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर आधारकार्ड मशीनों को भिजवा दिया गया है।