फर्रुखाबाद। गंगा और रामगंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। रविवार को गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 15 सेंटीमीटर (सेंमी) ऊपर पहुंच गया, जबकि रामगंगा भी चेतावनी बिंदु से सिर्फ 25 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शमसाबाद-शाहजहांपुर मार्ग को बंद कर दिया गया, जबकि राजेपुर-बदायूं मार्ग पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रविवार को नरौरा बैराज से गंगा में 3.05 लाख क्यूसेक पानी और रामगंगा में 11,467 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे गंगा का जलस्तर बढ़कर 137.25 मीटर और रामगंगा का 136.35 मीटर तक पहुंच गया। प्रशासन के अनुसार, गंगा और रामगंगा का खतरे का निशान 137.10 मीटर तय है।
राजेपुर-बदायूं मार्ग पर पहुंचे डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मार्ग को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। इसके बाद जमापुर तिराहे से पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट करना शुरू कर दिया।
दूसरी ओर, शमसाबाद-शाहजहांपुर मार्ग पर एक बाइक सवार व्यक्ति के तेज धार में बह जाने के बाद मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया। शमसाबाद थानाध्यक्ष तरुण भदौरिया ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
गांवों में घुसा पानी, 30 से ज्यादा गांवों का संपर्क टूटा
अमृतपुर। गंगा के बढ़ते जलस्तर से जिले के करीब 30 गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है। ग्रामीणों के खेत जलमग्न हो चुके हैं। पशुओं को बांधने के लिए सूखी जमीन नहीं बची है, जिससे कई मवेशी बीमार हो रहे हैं। हरा चारा पूरी तरह नष्ट हो चुका है। मजबूरी में ग्रामीण अपने मवेशियों को ऊंचे स्थानों या रिश्तेदारों के यहां शिफ्ट कर रहे हैं।
बदायूं मार्ग बंद, वैकल्पिक रास्तों से डायवर्जन शुरू
गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से बदायूं मार्ग पर करीब ढाई फीट से ज्यादा पानी तेज बहाव से चल रहा है। इस पर डीएम ने सड़क बंद करने के निर्देश दिए। इससे अब वाहनों को निबिया चौराहा व डबरी मोड़ से होकर बदायूं के भेजा जाएगा। इमादपुर सोमवंशी मार्ग, चाचूपुर कड़हर मार्ग पर भी पानी चलने लगा है। तेजी से गंगा का जलस्तर बढ़ने यह दोनों मार्ग भी बंद होने की आशंका बन गई है। हरसिंहपुर गहलवार चौरा मार्ग पर पर पानी अधिक होने के कारण बंद हो चुका है। फकरपुर मार्ग पर पानी अधिक होने के कारण बनासीपुर, करनपुर घाट, मंझा की मड़ैया, कुड़री सारंगपुर, माखन नगला, कलिका, रामप्रसाद नागल, हमीरपुर , सुभानपुर, आदि गांव के ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।