फर्रुखाबाद। ससुराल में रह रहे एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसकी चार साल पहले शादी हुई थी। वह पत्नी के साथ रह रहा था। युवक के पिता ने संदिग्ध मौत के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही है। वहीं ससुराली मौत की वजह तबीयत खराब होना बता रहे हैं। पिता ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला बागकूचा निवासी मोहित (31) की चार साल पहले मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला रकाबगंज निवासी पप्पू की पुत्री भूमि के साथ शादी हुई थी। मोहित ससुराल में ही रहने लगा था। बताते हैं कि सोमवार आधीरात के बाद मोहित ने घबराहट होने की बात कही। परिजन अस्पताल ले जाते कि सुबह के वक्त उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई।
पिता मोतीलाल समेत परिवार के अन्य लोग भी पहुंच गए। उन्होंने मौत की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मोहित के शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं है। पिता ने मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया। इसीलिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। ससुरालीजन तबीयत खराब होने की बात बता रहे हैं।