कायमगंज। मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव सिलसंडा में मंगलवार को करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव और परिवारीजन बेहाल हो गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी इंद्रपाल (35) ने कुछ दिन पहले नया बिजली कनेक्शन लिया था। मंगलवार को लाइनमैन ने कनेक्शन चालू किया। इसके बाद इंद्रपाल घर के अंदर बोर्ड में तार जोड़ने लगे। उसी दौरान अचानक बिजली आ गई। करंट की चपेट में आ गए। परिजन सीएचसी कायमगंज लाए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बड़े भाई दुश्सासन ने बताया कि लाइनमैन ने बाहर की लाइन जोड़कर इंद्रपाल से कहा था कि वह अंदर का बोर्ड जोड़ लें, क्योंकि उस वक्त बिजली नहीं थी। काम के दौरान अचानक सप्लाई चालू होने से हादसा हो गया। मृतक की पत्नी कुंती देवी, पुत्र सुखदेव, राजनारायण, सहदेव व पुत्रियां शीतला, छाया और सुलभा का रो-रोकर बुरा हाल है।