फर्रुखाबाद। कानपुर से आनंद बिहार जा रही एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर कन्नौज के युवक की मौत हो गई। वह श्यामनगर में अपने बहनोई के घर जा रहा था। ट्रेन धीमी होने पर उसने उतरने का प्रयास किया, तभी हादसे में जान चली गई।
जनपद कन्नौज थाना मकरंदनगर के रामपुर निवासी दीनबंधु राजपूत उर्फ नन्हे (28) के बहनोई संजू राजपूत का थाना कादरीगेट मोहल्ला श्यामनगर में मकान है। वह कानपुर से आनंद बिहार जा रही एक्सप्रेस ट्रेन से बहनोई के घर आ रहा था। श्यामनगर रेलवे क्रॉसिंग पर जैसे ही ट्रेन धीमी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीनबंधु ने ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। जैसे ही वह नीचे उतरा, तो उसका सिर बोगी के पहिए के नीचे जाकर कट गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर बहनोई संजू राजपूत और परिजन मौके पर पहुंचे।
संजू राजपूत ने बताया कि उनके घर से कुछ दिन पहले जेवरात चोरी हो गए थे। लिहाजा कुछ रिश्तेदार घर पर हालचाल जानने आए थे। यही नहीं दीनबंधु के रिश्तेदार अभिषेक राजपूत व ताऊ मातादीन बाइक से आ रहे थे। आईटीआई चौकी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। बड़े जानकी, राजू और छोटे रिंकू व बाबा है। मां व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।