शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव ऊगरपुर से तेरहवीं की दावत खाकर साइकिल से आ रहे ग्रामीण की बंबा में गिरने से आई चोट से मौत हो गई। दामाद ने शव की शिनाख्त ससुुर के रूप में की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी समेत स्वाट टीम ने मौके पर जाकर छानबीन की।
जनपद शाहजहांपुर थाना मिर्जापुर के गांव गुटैटी दक्षिण निवासी रामपाल कश्यप(60) सोमवार को परिवार के ही एक ग्रामीण की तेरहवीं के कार्यक्रम में ऊगरपुर गांव आए थे। रात में साइकिल से दामाद होतेलाल निवासी गांव अलेपुर के घर आ रहे थे। चिलसरा मार्ग पर बंबा में वह किसी तरह गिर पड़े। उनकी मौत हो गई।
मंगलवार को अलेपुर गांव के लोगों ने बंबा में शव पड़े होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही दरोगा मेहरबान सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। दामाद होतेलाल भी वहां पर पहुंचे और उसने शव की शिनाख्त ससुर रामपाल निवासी गुटैटी दक्षिण के रूप में की।
जानकारी मिलते ही रामपाल की पत्नी रामबेटी, पुत्र दिलीप, प्रदीप, अवधेश, रजनेश, कुलदीप भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पर एसपी डॉ. अनिल मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी ने मौके पर जाकर छानबीन की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में रामपाल की मौत छाती में आई चोट से होने की पुष्टि की गई है। एसओ जेएल सोनकर ने बताया कि रामपाल साइकिल से बंबा में गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।