हरदोई। गांवों के संपर्क मार्ग बनवाए जाने पर शासन ने ध्यान दिया है। हरदोई-पिहानी मार्ग से महुआ तक वाया भूराटीकुर होते हुए संपर्क मार्ग बनवाया जाएगा। निर्माण कार्य में करीब 60 लाख से अधिक रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक ने काम शुरू करा दिया है। वहीं, शासन ने भी रुपये जारी कर दिए हैं।
मुख्य और प्रमुख मार्गों के साथ ही शासन ने गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों को बनवाए जाने और उनकी विशेष मरम्मत कराए जाने पर ध्यान दिया है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से भेजे जाने वाले प्रस्तावों पर स्वीकृति के साथ ही रुपये भी देने शुरू कर दिए हैं। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक की तरफ से दिए गए प्रस्ताव पर शासन ने हरदोई-पिहानी रोड से वाया भूराटीकुर से महुआ गांव तक संपर्क बनवाए जाने के लिए 60 लाख, 67 हजार रुपये की स्वीकृति दी। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग बनवाए जाने का काम शुरू करा दिया है ताकि काम समय से पूरा कराया जा सके।
बताया कि पिहानी-हरदोई मार्ग से वाया भूराटीकुर महुआ संपर्क बन जाने से करीब 20 हजार से अधिक लोगों को आवागमन में आसानी होगी। वहीं, गन्ना सीजन में किसानों को अपनी उपज की चीनी मिल को आपूर्ति किए जाने में भी दिक्कतें नहीं होंगी।
पिहानी-हरदोई मार्ग से वाया भूराटीकुर से महुआ संपर्क मार्ग को विशेष मरम्मत श्रेणी में लिया गया है। विशेष मरम्मत श्रेणी में भेजे गए प्रस्ताव पर शासन ने स्वीकृति के साथ ही रुपये भी दे दिए हैं। काम तेजी से कराया जा रहा है। -मनिंदर सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग