फर्रुखाबाद। पांचाल घाट गंगा तट पर कुछ नशेबाजों ने पूजा कर रहे पुजारी से रुपये मांगे। रुपये न देने पर युवकों ने पुजारी को पीटा और पूजा की थाली गंगा में फेंक दी। यही नहीं पुजारी की चोटी भी काट डाली।
पुजारी का यह भी आरोप है कि युवकों ने अमर्यादित तरीके से पूजा के शंख को गंगा में फेंक दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कादरीगे्ट थाने के पांचाल घाट निवासी राजू शुक्ला गंगा तट पर पूजा करते हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। इसमें उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार देर शाम वह घाट पर गंगा की पूजा व आरती कर रहे थे।
उसी समय कुछ युवक शराब के नशे में पहुंचे और रुपये मांगने लगे। उनके मना करने पर उन्होंने पिटाई कर पूजा की थाली छीनकर गंगा में फेंक दी। यही नहीं जब उन्होंने वहां से भागने का प्रयास किया तो युवकों ने पकड़कर उनकी चोटी काट दी।
आरोप है कि आसपास के लोग वहां पहुंचते, इससे पहले ही युवकों ने हाथ में पकड़ा शंख उनसे छीन लिया और उसे अमर्यादित तरीके से गंगा में फेंक दिया। राजू ने बताया कि आरोपी सोता बहादुरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि चोटी काटने अथवा शंख फेंकने की बात गलत है। नशे में मारपीट हुई है।
घटना के तुरंत बाद चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने पहुंचकर वीडियो भी बनाया है। उस समय ऐसा कोई आरोप नहीं लगाया था, फिर भी जांच कर दोषी पर कार्रवाई करेंगे।