फर्रुखाबाद। श्री श्याम महोत्सव के अवसर पर रविवार रात मधुर मिलन गेस्ट हाउस में सजे बाबा श्याम के भव्य दरबार में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मशहूर भजन गायक कन्हैया मित्तल के मंच पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर पहुंच गया। बाबा श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देर रात कन्हैया मित्तल ने मंच संभाला। जैसे ही उन्होंने बाबा की स्तुति करते हुए ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम’ और ‘हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा’ जैसे भजन गाए, श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने लगे। एक के बाद एक भजनों की प्रस्तुति ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कन्हैया मित्तल की एक झलक पाने के लिए गेस्ट हाउस के बाहर और सड़कों पर भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार्यक्रम में मुंबई से आए आशु वर्मा और दिल्ली की सोनम समता ने भी अपने सुमधुर भजनों से समा बांध दिया। देर रात बाबा श्याम की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।