कमालगंज। दोस्तों के साथ नहाने गया आठ वर्षीय बालक गंगा के गहरे पानी में डूब गया। उसे डूबता देख नाव से गंगा पार कर रहे किसानों ने छलांग लगा दी। कुछ ही देर में उसे बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
कोतवाली फतेहगढ़ की चौकी याकूतगंज क्षेत्र के गांव नगला पकरा निवासी रामबाबू राजमिस्त्री का काम करता है। रविवार सुबह उसका आठ वर्षीय पुत्र राज गंगा स्नान जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसके साथ बड़ा भाई कन्हैया व दोस्त प्रांशू, सुनील, गूंगा क्षेत्र के नगला खेमरैंगाई स्थित गंगा घाट पर गए थे।
करीब 10:30 बजे गंगा नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से राज डूबने लगा। साथियों के चिल्लाने पर नाव से गंगा पार कर रहे किसानों ने छलांग लगा दी। करीब 10 मिनट बाद राज को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी होते ही पिता रामबाबू व मां रजनी देवी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। शव देख बिलखने लगे। चार भाइयों कन्हैया, रजत, अंकित में राज दूसरे नंबर का था।
ग्रामीणों की सूचना पर लेखपाल अवनीश मिश्रा ने पहुंचकर जांच की। थानाध्यक्ष राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के संबंध में पूछताछ की।
थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।