शमसाबाद। ढाईघाट पुल के निर्माण कार्य में अब ठेकेदार मनमानी नहीं कर सकेंगे। शुक्रवार को ढाईघाट पर कंप्यूटरीकृत मिक्सर मशीन भेजी गई है। इससे मानक के अनुसार ढाईघाट पुल का निर्माण होगा। सेतु निगम के सहायक अभियंता आरके दीक्षित ने बताया कि शनिवार से इस मशीन से निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
ढाईघाट पर चल रहे स्थायी पुल के निर्माण कार्य के लिए शुक्रवार को सेतु निगम की ओर से कंप्यूटरीकृत मिक्सर मशीन भेजी गई है। इस मशीन से निर्माण सामग्री (मसाला) की मिक्सिंग की जाएगी। सहायक अभियंता ने बताया कि कंप्यूटरीकृत मिक्सर में इंजीनियर जितने मानक की सामग्री फीड करेंगे, उतने ही मानक के अनुसार मशीन मौरंग, गिट्टी और सीमेंट का मिश्रण करेगी। अगर मशीन में फीड मानक के विपरीत सामग्री डाली गई तो मशीन काम नहीं करेगी। कहा कि इस व्यवस्था से ठेकेदारों की मनमानी रुक सकेगी। बताया कि शनिवार से इस मशीन का प्रयोग शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुल में 31 मीटर गहरे पक्के कुएं बनने हैं। एक पक्के कुएं के निर्माण में करीब तीन माह का समय लगेगा। पुल करीब तीन साल में बन सकेगा। मौजूदा समय में एक पक्के कुएं का निर्माण करीब तीन मीटर हो गया है।