फर्रुखाबाद। रोडवेज बस को ओवरटेक करने के विवाद में बाइक सवार युवकों ने बस पर फायरिंग कर दी। इसकी जानकारी जिला पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। शमसाबाद व मऊदरवाजा पुलिस कार्रवाई के बजाय एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालती रही।
रविवार की सुबह रोडवेज बस सवारियां लेकर कायमगंज से फर्रुखाबाद आ रही थी। थाना शमसाबाद के फैजबाग के पास बाइक सवार ने बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। बस चालक ने साइड नहीं दी। बाइक चालक ने कुछ दूर जाकर रोडवेज बस को क्रास कर लिया। इसके बाद उसने बस के ऊपर फायर कर दिए। फायर होने से बस में बैठी सवारियां भयभीत हो गईं। इस बीच एक सवारी ने मोबाइल से जिला कंट्रोल पुलिस को सूचना दे दी।
इस सूचना के बाद शमसाबाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि मऊदरवाजा थाना पुलिस हथियापुर जा पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की लेकिन बस चालक पुलिस के पास नहीं पहुंचा। उधर शमसाबाद एसओ प्रदीप यादव ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी लेकिन घटना मऊदरवाजा थाना इलाके की है। मऊदरवाजा एसओ राघवन सिंह ने बताया कि शमसाबाद क्षेत्र में घटना की जानकारी दी गई थी। इस पर पुलिस बाइक चालकों की तलाश में हथियापुर गई थी। वहां पर कोई नहीं मिला।
वाहन पर पथराव, चालक घायल
फर्रुखाबाद। रोडवेज बस अड्डे के निकट टैक्सी स्टैंड पर पैसों को लेकर मैजिक चालक की यात्री से नोकझोंक हो गई। इस पर यात्री ने मैजिक पर पथराव कर दिया। इससे मैजिक चालक घायल हो गया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला कुचिया निवासी संजीव कुमार टाटा मैजिक गाड़ी चलता है। रविवार की सुबह वह रोडवेज बस अड्डे के पास शमसाबाद की सवारियों का इंतजार कर रहा था। इसी बीच एक यात्री ने कलुआपुर जाने के लिए किराया पूछा। पैसों को लेकर यात्री और गाड़ी चालक के बीच कहासुनी होने लगी। यात्री ने चालक के साथ हाथापाई कर दी। विवाद बढ़ने पर यात्री ने मैजिक पर पथराव कर दिया।
मुख्यबाजार में पथराव होने पर भगदड़ मच गई। पथराव में चालक घायल हो गया। घटना के बाद यात्री मौके से भाग गया। यहां पर आए दिन गाड़ी चालकों में पहले सवारियां उठाने तो कहीं यात्री से पैसों को लेकर मारपीट होती रहती है। शासन के आदेशाें के मुताबिक रोडवेज स्टेशन के आसपास कोई भी प्राइवेट अड्डा नहीं होना चाहिए। इसके बाद भी रोडवेज स्टैंड के पास डग्गामारी हो रही है।