कायमगंज। तहसील दिवस में बार-बार बिजली संबंधी शिकायतें आने पर डीएम ने एक्सईएन को जमकर लताड़ लगाई। साथ ही एक्सईएन की लाचारी पर वह हंस भी पडे़। गैरहाजिर लेखपाल को निलंबित कर दिया। उन्होंने लेखपालों व अधिकारियों को कामधेनु योजना का प्रचार प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने की अपील की। अमृतपुर तहसील में 60 तो सदर तहसील में 133 शिकायतें आईं।
तहसील दिवस में 174 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। बीरपुर नवाबगंज की एक शिकायत पर डीएम ने संबंधित लेखपाल रामेंद्र को बुलाया। पता चला कि वह अनुपस्थित हं। इस पर तत्काल लेखपाल को निलंबित करने का फरमान जारी कर दिया। इसके बाद सभी लेखपालों को तहसील दिवस में बिना सूचना के गायब होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। लेखपालों व अन्य अधिकारियों को कामधेनु योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत 100 तथा मिनी कामधेनु योजना में 50 पशु पालकों को बिना ब्याज के ऋण दिया जाएगा। तहसील दिवस में अधिकांश मामले बिजली संबंधी आने पर उन्होंने एक्सईएन सूर्य प्रताप विश्वकर्मा को जमकर लताड़ा। तराई क्षेत्र के गांव भुक्सा निवासी रामनरेश की पत्नी जयदेवी ने उन्हें बताया कि वर्ष 2011 में आई बाढ़ में बिजली के पोल से चिपक कर उसके पति रामनरेश और दो जानवरों की मौत हो गई थी। पारिवारिक लाभ योजना के तहत शासन से उसे 1 लाख 10 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई थी लेकिन मिली नहीं। इस पर डीएम ने एक्सईएन को संबंधित जेई के वेतन से राशि दिलाने के निर्देश दिए। अचरा तकीपुर निवासी दिलीप कुमार ने सरकारी चकरोड पर कब्जे की शिकायत की। फर्जी बैनामों के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए बैनामा करने और कराने वाले दोनों लोगों का पहचान पत्र लगवाने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ एससी श्रीवास्तव, सीएमओ डा. राकेश कुमार, एसडीएम प्रहलाद सिंह, डीआईओएस भगवत शरण पटेल, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा. पुष्प कुमार, डीएसओ हिमांशु दुबे आदि मौजूद रहे।
अमृतपुर तहसील परिसर में अपर जिलाधिकारी मनोज सिंघल की अध्यक्षता में तहसील दिवस हुआ। गांव बकसपुर निवासी देवेंद्र पाल सिंह ने गांव में बनवाई जा रही नाली व सड़क में घटिया निर्माण सामग्री लगवाए जाने , जिठौली के रामभरोसे, अमृतपुर के रामकिशोर अवस्थी और बरुआ के गरीबदास ने चकमार्ग खुलवाए जाने की फरियाद लगाई। गांव बलीपट्टी की प्रधान शशिप्रभा शुक्ला ने गांव के जलाशय से मछली के शिकार पर रोक लगाए जाने की मांग की। कुल 60 प्रार्थना पत्र आए। दो का ही मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी संत कुमार, तहसीलदार विनोद जोशी, अपर पुलिस अधीक्षक आरबी चौरसिया, खंड विकास अधिकारी बेगीश गोयल, विद्युत विभाग के एसडीओ गौरव कुमार, पूर्ति निरीक्षक राजीव कुमार और बाल विकास पुष्टाहार अधिकारी सुनीता उपाध्याय आदि मौजूद रहीं।
सदर तहसील में 133 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से मौके पर सात का निस्तारण कर दिया गया। गुलाबी गैंग कमांडर अंजली यादव ने स्कूली वाहनों में ओवरलोडिंग और अवैध रूप से तेजाब बिक्री बंद कराने को प्रार्थना पत्र दिया।उप जिलाधिकारी लवकुश त्रिपाठी की अध्यक्षता में तहसील दिवस में कांशीराम कालोनी आवंटी उत्थान समिति के अध्यक्ष रावेश मिश्रा, खुर्शीद अहमद, हाशिम और चमन ने कालोनी में सफाई व्यवस्था की मांग की। फर्रुखाबाद यूथ ब्रिगेड के गुड्डू, रामसिंह शाक्य, लालाराम आदि ने शहर में प्रकाश व्यवस्था सुधारने और आवारा जानवरों को बेड़ारास में बंद कराने के लिए अर्जी दी। शिवसंत वर्मा ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि दीनदयाल बाग के रहने वाले दबंग जानमाल की धमकी दे रहे हैं। ग्रानगंज फतेहगढ़ के सतीशचंद्र श्रीवास्तव ने प्रार्थना पत्र देकर सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाए जाने की गुहार लगाई। फर्रुखाबाद विकास मंच के पदाधिकारियों ने प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस अवसर पर तहसीलदार प्रेमचंद्र, नायब तहसीलदार मनोज कुमार, डूडा लिपिक नसीम अहमद जावरी और पालिका के अवर अभियंता फरहत अली आदि मौजूद रहे।
लेखपालों से लिखवाए प्रार्थना पत्र
कायमगंज। तहसील दिवस में आए फरियादियों को प्रार्थनापत्र लिखने वालों के शोषण से बचाने केे लिए डीएम ने नया काउंटर शुरू कराया। तीन लेखपाल लगाकर प्रार्थनापत्र लिखने का दायित्व सौंपा। डीएम के तहसील दिवस में फरियादियों की संख्या में इजाफा हो जाता है। शिकायतकर्ता तहसील आकर बाहर बैठे लोगों से शिकायतें लिखवाते हैं। इनसे मनचाहा पैसा वसूल किया जाता है। डीएम ने तहसील में तीन लेखपालों को अलग बैठाकर काउंटर लगवाया। इन्हें प्रार्थनापत्र लिखने में मदद करने की हिदायत दी।
गुलाबी गैंग कमांडर एसडीएम से भिड़ीं
फर्रुखाबाद। तहसील दिवस में प्रार्थना पत्रों की पंजीकरण रसीद न देने से गुस्साई गुलाबी गैंग कमांडर का उप जिलाधिकारी सदर से जमकर विवाद हुआ। इस दौरान एसडीएम लिपिक का पक्ष ही लेते रहे।
तहसील दिवस में दोपहर को महिला साथियों के साथ पहुंचीं गुलाबी गैंग कमांडर अंजली यादव से फरियादियों ने शिकायत की कि काउंटर पर लिपिक तहसील दिवस की मोहर लगाकर चलता कर रहा है। पंजीकरण रसीद नहीं दी जा रही है। इस पर अंजली फरियादियों को लेकर एसडीएम सदर लवकुश त्रिपाठी के पास पहुंचीं और शिकायत की। कहा कि प्रार्थना पत्रों का पंजीकरण नहीं किया जा रहा है। जनता के हितों के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इस पर एसडीएम ने कहा कि वह नेतागिरी न करें। अगर कोई अव्यवस्था है तो सहयोग करें। लिपिक का बचाव करते हुए कहा कि उनके पास स्टाफ की कमी है। जैसे-तैसे काम चला रहे हैं। अगर बाबू पर सख्त कार्रवाई करेंगे तो कर्मचारी संगठन खड़े हो जाएंगे। अंजली भड़क गईं। उन्होंने कहा कि यह कोई तर्क नहीं हुआ। जनता की समस्याएं सुनना अफसरों कर्तव्य है। करीब आधा घंटा तक हंगामा होता रहा। फरियादियों ने भी लिपिक पर कई आरोप लगाए। जैसे-तैसे मामला शांत करवाया गया। इस अवसर पर कल्पना मिश्रा, उषा त्रिवेदी, चंद्रप्रभा और सरला पांडेय आदि मौजूद रहीं।