फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दफ्तर में घुसकर एसडीओ को पीटा

Sat, 21 Dec 2013 05:44 AM IST
Farrukhabad
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजली मीटर बदलने का दबाव न मानने पर हुई पिटाई
विज्ञापन

कर्मचारियों ने कार्यालय में तालाबंदी कर जताया विरोध
फर्रुखाबाद। जिले में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद है कि अब वे अफसरों को भी पीट रहे हैं। शुक्रवार दोपहर विद्युत निगम कार्यालय पहुंचे दबंगों ने बिजली मीटर बदलने से इनकार करने पर एसडीओ की जमकर लात घूंसे से पिटाई की और फरार हो गए। घटना की जानकारी पर गुस्साए कर्मचारियों ने कार्यालय में ताला बंद कर दिया। पीड़ित ने तीन हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी है। देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
फतेहगढ़ भोलेपुर स्थित डिवीजन कार्यालय स्थिति अधिशासी अभियंता नगर सुरेश कुमार के दफ्तर में एसडीओ प्रथम राहुल बाबू कटियार काम कर रहे थे। दोपहर करीब 1.30 पर तीन युवक हॉकी लेकर आए। एक युवक कार्यालय के अंदर गया और एसडीओ से अपने घर में लगे खराब मीटर के स्थान पर दूसरा लगवाने को कहा। एसडीओ ने पुराने बिल के भुगतान की रसीद मांगी। इस पर युवक ने अभद्रता करनी शुरू कर दी। विरोध पर बाहर खड़े युवक के साथी हॉकी लेकर अंदर घुस गए और एसडीओ राहुल बाबू कटियार पर हमला बोल दिया। हॉकी व लात घूंसे से उन्हें पीटना शुरू कर दिया। एसडीओ के चिल्लाने पर आसपास के कार्यालय में काम कर रहे कर्मचारी दौड़े। इस पर हमलावर भागने लगे। कर्मचारियों ने एक को पकड़ लिया। इसी बीच स्थानीय लोग भी जुट गए और वे युवक को कर्मचारियों के चंगुल से छुड़ा ले गए। घटना की जानकारी पर कर्मचारी एकजुट हो गए और कार्यालय में तालाबंदी कर दिया। बिजली कर्मचारी संघ के सदस्यों ने जिलाधिकारी से अफसरों की सुरक्षा को पुलिस बल तैनात करने की मांग की। चेतावनी दी कि जब तक कार्यालय में पुलिस व्यवस्था नहीं की जाती तब तक काम नहीं करेंगे। एसडीओ राहुल बाबू कटियार ने फतेहगढ़ कोतवाली में फतेहगढ़ नगर के मोहल्ला नगलादीना के तीन युवकों के खिलाफ मारपीट व सरकारी कार्य में बांधा डालने की तहरीर दी। पुलिस ने देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं किया है।
विज्ञापन

कर्मचारी संघ ने किया विरोध प्रदर्शन
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ डिवीजन कार्यालय में अधिशासी अभियंता नगर कार्यालय में एसडीओ प्रथम के साथ हुई मारपीट से गुस्साएं कर्मचारियों ने प्रदर्शन के बाद बैठक कर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। महामंत्री सुधीर गुप्ता ने बताया कि विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों पर अराजकतत्व आए दिन अनैतिक दबाव बनाकर कार्य कराने का प्रयास करते हैं। इससे विवाद की स्थिति बनी रहती है। धरने के बाद कर्मचारियों ने डीएम को ज्ञापन भेजा। इसमें मांग की कि अधिकारी व कर्मचारी की सुरक्षा का इंतजाम नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। अधिशासी अभियंता नगर सुरेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।
पहले भी पिट चुके हैं अफसर
फर्रुखाबाद। विद्युत वितरण निगम के एसडीओ के साथ हुई मारपीट की नई घटना नहीं है। इससे पहले भी दो अवर अभियंताओं के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी है। इनकी रिपोर्ट दर्ज हुई। एक घटना में पुलिस ने एफआर लगा दी तो दूसरी घटना में विभागीय अफसरों के हस्तक्षेप पर समझौता करा दिया गया।
विज्ञापन

बीते जुलाई माह में शहर के मोहल्ला गढ़ी अब्दुल मजीद में बंच लाइन डालने के दौराने अवर अभियंता राकेश प्रजापति का पालिका कर्मचारी से विवाद हो गया था। अवर अभियंता ने मारपीट का मामला शहर कोतवाली में दर्ज कराया। पुलिस ने इसमें फाइनल रिपोर्ट लगा दी। इससे बाद फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव मसेनी के निकट अवर अभियंता अरविंद यादव के साथ मारपीट की घटना हुई। इसकी रिपोर्ट फतेहगढ़ कोतवाली में नामजद दर्ज कराई गई थी। इसमें राजनीतिक दबाव के चलते समझौता करा दिया गया। इसी तरह बीते गुरुवार को अधिशासी अभियंता ग्रामीण सूर्य प्रताप से टेंडर को लेकर ठेकेदार का विवाद हो गया था। इसका विरोध किए जाने पर बिजली कर्मचारी संघ के महामंत्री सुधीर कुमार गुप्ता से ठेकेदार ने अभद्रता कर दी थी। इसको लेकर कर्मचारी संघ ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग अधीक्षण अभियंता से की थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें