फर्रुखाबाद। जिले की 74 ग्राम पंचायताें ने जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चंद्र के आदेश को दरकिनार कर दिया है। इन्हाेंने गुरुवार तक प्रिया साफ्टवेयर पर फीडिंग नहीं करवाई थी। ग्राम पंचायताें को शुक्रवार तक का समय दिया गया था। अब इन ग्राम पंचायतों के सचिवों व प्रधानों पर कार्रवाई की तलवार लटकने लगी हैं।
जिले में 512 ग्राम पंचायतें हैं। इन्हें प्रिया साफ्टवेयर पर वर्ष 2012-2013 का आय व्यय का ब्यौरा दर्ज कराने के लिए 20 दिसंबर तक की मोहलत दी गई थी। शुक्रवार को अल्टीमेटम की अवधि खत्म हो रही है। फीडिंग न करवाने वाली ग्राम पंचायताें में सबसे ज्यादा मोहम्मदाबाद विकास खंड की हैं। इस विकास खंड की 40 ग्राम पंचायतों ने साफ्टवेयर पर ब्योरा दर्ज नहीं करवाया है। राजेपुर विकास खंड की 10, कमालगंज विकास खंड की 2, कायमगंज विकास खंड की 13 व नवाबगंज विकास खंड की 6 ग्राम पंचायताें ने नाफरमानी कर दी है।
वर्ष 2013-2014 के लिए भी फ ीडिंग कराने के लिए ग्राम पंचायताें को आदेश दिए गए थे। इस आदेश को किसी भी ग्राम पंचायत ने नहीं माना। अब फीडिंग न कराने वाली ग्राम पंचायतों के सचिवाें व प्रधानाें पर कार्रवाई की गाज गिर सकती है। डीपीआरओ का कहना है कि लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।