फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भूसामंडी मस्जिद वाली गली के पास गुरुवार रात छेड़खानी के विवाद में फायरिंग हुई। इससे इलाके में भगदड़ मच गई।
बताया जाता है कि कोतवाली क्षेत्र की एक लड़की के साथ एक युवक ने छेड़खानी कर दी थी। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो वे रात करीब 9.30 बजे युवक के घर पहुंचे। गाली-गलौच के बाद फायरिंग शुरू कर दी। लगातार तीन फायर होने से इलाके में दहशत फैल गई। युवक के परिजन घर के अंदर दुबक गए। फायरिंग करने वाले युवकों के जाने के बाद फोन से पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी कोतवाली निरीक्षक जगदीश तिवारी ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर गई, लेकिन किसी ने न मिलने पर लौट आई। युवक के घर के सामने दो सिपाही लगा दिए गए हैं।