फर्रुखाबाद। एक युवती ने शहर कोतवाल, स्वाट टीम प्रभारी, दरोगा और चार अन्य सिपाहियों के खिलाफ दलित उत्पीड़न और छेड़छाड़ का मुकदमा कोर्ट में दर्ज कराया है।
शहर कोतवाल आरपी यादव, स्वाट टीम प्रभारी यतेंद्र यादव, दरोगा कुलदीप दीक्षित समेत चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ सीजेएम न्यायालय में एक युवती ने परिवाद में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहां गया कि 4 दिसंबर 2013 की दोपहर करीब 12 बजे आवास विकास निवासी आनंद विक्रम सिंह व उनके अन्य साथी घर पर आए और मारपीट करने लगे। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। शहर कोतवाल, स्वाट टीम प्रभारी और चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ आए। युवती का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने आते ही उसकी मां की पिटाई शुरू कर दी। विरोध करने पुलिस कर्मियों ने उससे छेड़छाड़ कर अश्लील बातें कही। पुलिसकर्मियों ने जाति सूचक गालियां देकर अपमानित किया। कोतवाल, स्वाट टीम प्रभारी व दरोगा ने उसको और उसकी मां को लात-घूंसों से पीटा। इन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अधिवक्ता दीपक द्विवेदी ने याचिका पर दलीलें पेश की। सुनवाई के बाद सीजेएम के आदेश पर पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा परिवाद में दर्ज किया गया।