शमसाबाद। मोहम्मदाबाद में शिक्षक अपहरण कांड घटना में प्रयुक्त की गई जायलो कार समेत थाना पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि दो बदमाश भागने में सफल रहे। एसओजी प्रभारी ने भी बदमाशों से पूछताछ की।
गौरतलब है कि मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबीर नगर निवासी राम सिंह वर्मा के पुत्र अध्यापक नवीन का 28 सितंबर को सुबह गैस प्लांट गैसिंगपुर मोड़ के पास मुड़गांव जाने वाले रास्ते पर एक सफेद रंग की जायलो सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर अपहरण कर लिया था। हालांकि दो-तीन दिनों बाद शिक्षक की पुलिस ने बरामदगी कर ली थी। पुलिस का दावा है कि गुरुवार रात करीब 11 बजे मुखबिर ने थाना पुलिस को सूचना दी कि शिक्षक अपहरण कांड के बदमाश फैजबाग स्थित धर्मकांटा के पास जायलो कार पर सवार हैं। इस पर थानाध्यक्ष एके सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को दबोच लिया, जबकि दो बदमाश भागने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम पंकज कुमार निवासी राजीव नगर मोहम्मदाबाद, राघवेंद्र उर्फ खिलौना निवासी रोहिला और लालू उर्फ मामा पुत्र रामसजीवन निवासी बारह हवेली खालसा थाना सैनी जिला कौशांबी बताए। इनके पास से दो 12 बोर और एक 315 बोर का तमंचा निकला। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि राघवेंद्र ने शिक्षक को अपने घर में रखा था। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने भागने वाले अपने साथियों के नाम जुगल कुमार पुत्र दीनदयाल निवासी गोपालपुर थाना कमालगंज और पूर्व प्रधान शिवशरन निवासी थाना खजुरिया बताए हैं। इन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसओ ने बताया कि पूर्व प्रधान ने शिक्षक के अपहरण का तानाबाना बुना था। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने अपहरण की स्वीकार कर ली है। शुक्रवार सुबह एसओजी प्रभारी यतेंद्र कुमार ने भी बदमाशों से पूछताछ की। पुलिस जायलो को कब्जे में कर थाने ले आई है।