फर्रुखाबाद। गन्ना पेराई के लिए खरीद केंद्र तय कर दिए गए हैं। इस साल किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड कायमगंज के लिए 19 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। 10 खरीद केंद्र रूपापुर चानी मिल के लिए खोले गए हैं। जिले की चीनी मिल में 26 नवंबर से पेराई सत्र शुरू होगा। जिले में गन्ना पेराई के लिए कायमगंज में इकलौती चीनी मिल है। इस साल एक करोड़ कुंतल के पार गन्ने का उत्पादन हुआ है। यह पिछले साल के मुकाबले 15 लाख कुंतल ज्यादा है। तब मिल ने 16.49 लाख कुं तल गन्ने की पेराई की थी। कुल 151 दिन पेराई हुई थी। इस बार लक्ष्य ज्यादा होने से मिल को पहले चालू करने की कवायद की जा रही है। पेराई का लक्ष्य 71.09 लाख कुंतल तय हुआ है। मिल की पेराई क्षमता 1200 कुंतल प्रतिदिन है। इससे तय लक्ष्य पूरा होना मुश्किल लग रहा है।
कायमगंज चीनी मिल केे खरीद केंद्र
फैजबाग प्रथम, ज्योना, कंपिल रोड, रूदायन, ल्योडया, ककराला, गुदरागंज प्रथम, गुदरागंज द्वितीय, पटियाली, भटमई प्रथम, भटमई द्वितीय, नीवलपुर, प्रीतमनगर, रोशनाबाद, शुकरूल्लापुर प्रथम, हजियापुर प्रथम व कुतुबसराय।
रूपापुर चीनी मिल के खरीद केंद्र
बेलासराय गजा, गुतासी, संतोषपुर, नवाबगंज, विरियाडाडा, बेहटा बल्लू, शुकरूल्लापुर द्वितीय, हजियापुर द्वितीय व फैजबाग द्वितीय।
दो नए केंद्र बने
उत्पादन बढ़ने के साथ केन कमिशभनर कार्यालय ने दो नए खरीद केंद्र बनाए हैं। कायमगंज चीनी मिल के लिए प्रीतमनगर व शाहजहांपुर की रूपापुर चीनी मिल के लिए बेलासराय गजा में नया केंद्र खोला गया है।
गन्ना मूल्य 400 रुपए कुंतल हो
कायमगंज। भाकियू नगर अध्यक्ष मुन्नालाल सक्सेना के आवास पर भाकियू की मासिक पंचायत में कार्यकर्ताओं ने खाद, बीज, दवा व डीजल के मूल्य में हुई वृद्धि को ध्यान में रखकर सरकार से गन्ने का मूल्य चार सौ रुपए प्रति कुंतल करने की मांग की। किसानों ने तराई क्षेत्र में जमीनों पर कब्जा जमाए सरदारों से किसानों की जमीन खाली करवाने, खनन नीति निर्धारित करने, अवैध बालू खनन रोकने, तंबाकू गोदामों में बाल श्रम रोकने, नगर में तंबाकू से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाने, नगर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान चलाने, राशन वितरण सुचारु कराने की मांग की। इस दौरान चंद्र सिंह जाट, गोपी सिंह शाक्य, उमेश चंद्र बाथम, श्याम सिंह यादव, श्याम सिंह राजपूत, राजेश, रामविलास, राजेंद्र, रामनिवास, जौहरी आदि मौजूद रहे।