खाते से नौ बार में एटीएम से 98 हजार पार
कमालगंज। थाना क्षेत्र के गांव नरायनपुर गढ़िया निवासी नीरज देवी पत्नी सोनपाल का खाता कसबे के भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में है। शुक्रवार को नीरज देवी अपने पति के साथ बैंक से चार हजार रुपये भूसा खरीदने के लिए निकालने गईं। वहां कर्मचारी ने उन्हें बताया कि उनके खाते में पैसा ही नहीं हैं। वह एटीएम से सारे रुपये निकाल चुकी हैं।
इस पर उन्होंने बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया। इसके अनुसार खाते में कुल 98 हजार 19 रुपये थे। इसमें से 25 फरवरी को बीस हजार दो बार में फर्रुखाबाद के एटीएम से निकाले गए, उसी एटीएम से 26 को 20 हजार, पुलिस लाइन के एटीएम से 27 फरवरी को बीस हजार रुपये दो बार में निकाले गए। फर्रुखाबाद एटीएम से 29 फरवरी को 20 हजार रुपये निकाले गए।
इसके बाद 1 मार्च को लोहिया पुरम फर्रुखाबाद के एटीएम से दस हजार व आठ हजार रुपये निकाले गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। नीरज देवी ने बताया कि 25 फरवरी को वह एटीएम में गई थी। वहां उसने एक युवक से एटीएम का कोड बनाने को कह था।
तभी से खाते से पैसे निकलना शुरू हो गए। पति गुजरात में नौकरी करते थे। दवा के लिए 50 हजार रुपये रिश्तेदारी में से उधार लिए थे। पुलिस ने जांच कार्रवाई करने का भरोसा दिया।