नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी जाते समय रास्ते में महिला ने एंबुलेंस में पुत्र को जन्म दिया। बच्चे की किलकारी सुनकर उसके साथ आए परिजन खुश हो गए। एंबुलेंस चालक ने जच्चा और बच्चा को सीएचसी में भर्ती कराया। शाम को परिवार वाले मां और बेटे को घर ले गए।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव नगला लाहौरी निवासी शैलेंद्र यादव की पत्नी साधना को शुक्रवार रात करीब 12 बजे प्रसव पीड़ा हुई। पत्नी को नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराने के लिए एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस रात करीब एक बजे गांव पहुंची।
साधना को सीएचसी लाते समय नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव वीरपुर के पास प्रसव पीड़ा अधिक होने पर ईएमटी रामवदन ने प्रसव कराया। साधना ने पुत्र को जन्म दिया। ईएमटी ने जच्चा और बच्चा को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित शाक्य ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों ठीक हैं। परिवार के लोग उसको घर ले गए हैं।