शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। हरसिंहपुर फीडर का पोल टूटने और फैजबाग फीडर की 11केवी लाइन टूटने से 75 गांव की बिजली गुल हो गई। 20 घंटे बाद टूटा पोल बदलने और तार जुड़ने के बाद गांवों की बिजली चालू हो पाई।
हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र के हरसिंहपुर फीडर से करीब 40 गांव को बिजली दी जाती है। शनिवार शाम को उलियापुर गांव के पास 11 केवी लाइन का पोल टूट गया। इससे उपकेंद्र से सभी गांवों की बिजली बंद कर दी गई। रात भर गांवों की बिजली बंद रहने के बाद रविवार सुबह अवर अभियंता ने पोल को बदलवाने का काम शुरू कराया। दोपहर करीब दो बजे पोल बदलने के बाद हरसिंहपुर फीडर से गांवों को बिजली देनी शुरू की गई।
वहीं, शमसाबाद विद्युत उपकेंद्र के फैजबाग फीडर से करीब 35 गांव को बिजली दी जाती है। शनिवार शाम को धमगवां गांव के पास 11 केवी लाइन का तार टूट गया। इससे गांवों की बिजली बंद हो गई। रविवार दोपहर को जेई ने तार जुड़वा कर सप्लाई शुरू कराई।