फर्रुखाबाद। बिजली चोरी रोकने और बकाएदारों पर शिकंजा कसने के लिए रविवार को बिजली विभाग की दो टीमों ने शहर क्षेत्र के मोहल्लाें में छापेमारी अभियान चलाया। आइसक्रीम फैक्ट्री समेत 80 उपभोक्ताओं के बकाएदारी, बिजली चोरी में कनेक्शन काटे। 11 के खिलाफ बिजली चोरी और बकाएदारी में कटे कनेक्शन पर बिजली जलाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एसडीओ अवनशी कुमार ने अवर अभियंता अमित शर्मा, राघवराम पांडेय और लाइनमैन व टीजीटू के साथ शहर के मोहल्लों में छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान के तहत मोहल्ला महावीरगंज में सुभाष चंद्र, राधे मोहन, नासिर मोहम्मद, रेनू छावड़ा, रामप्रकाश चटर्जी, अर्चना शुक्ला, मोहल्ला इस्माइलगंज निवासी शिव कुमार, मेवाराम, श्यामल सिंह यादव, रेलवे रोड स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री का बिजली कनेक्शन स्वतंत्र कुमार गुप्ता, काली देवी मंदिर के पास मीरा कटियार समेत 30 उपभोक्ताओं के कनेक्शन बकायेदारी में काट दिए।
इसके साथ मोहल्ला नई बस्ती निवासी सुनील कुमार, अनिल राठौर, महावीर गंज निवासी संजय कुमार, मोहल्ला नुनहाई निवासी आलोक कुमार, जितेन्द्र दीक्षित, राम किशोर का बकायेदारी में पहले कनेक्शन काटा गया था। चेकिंग अभियान के दौरान इन उपभोक्ताओं के घरों में बिजली जलती हुई मिली। अवर अभियंता अमित शर्मा ने इन उपभोक्ताओं के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
वहीं मोहल्ला नुनहाई निवासी फूल चंद्र सैनी, सुधीर बाथम, रमेश चंद्र सैनी, ज्योति स्वरूप के यहां केबल से पहले तार काट कर बिजली चोरी होती मिली। इनके खिलाफ अवर अभियंता ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शहर कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं एसडीओ राहुल बाबू कटियार के निर्देशन में फतेहगढ़ में अवर राकेश कुमार, संदीप कुमार ने टीम के साथ छापेमारी कर बकायेदारी और बिजली चोरी करने में 39 उपभोक्ताओं के कनेक्शनों को काटा है।
एक्सईएन शहरी एके शर्मा ने बताया कि जो उपभोक्ता बकायेदारी जमा नहीं करेंगे। उनका पहले कनेक्शन काटा जाएगा। इसके बाद आरसी भेजी जाएगी। अगर वह कटे कनेक्शन पर बिजली जलाते मिले तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इसलिए उपभोक्ता बकायेदारी को समय से जमा करें। अगर कोई बिल में गड़बड़ी हो तो कार्यालय में आकर एसडीओ से मिलकर बिल सही कराने के बाद बकायेदारी को जमा करे।