फर्रुखाबाद/अमृतपुर। काशी की तर्ज पर पांचाल घाट मेला रामनगरिया का 13 जनवरी को शुभारंभ होगा। 21 हजार दीपों से गंगातट पर अपरा काशी मिनी कुंभ लिखा जाएगा। वहीं, 5,100 दीपों से मां भागीरथी का दीपदान होगा। काशी के आचार्य पतित पावनी मां गंगा की आरती कराएंगे। इसके लिए घाटों पर तैयारी शुरू कर दी गई है।
पांचाल घाट गंगातट पर एक माह के लिए आस्था की नगरी बस गई है। 13 जनवरी को मेला श्री रामनगरिया का भव्यता के साथ उद्घाटन होगा। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मेले के शुभारंभ पर गंगा आरती के दौरान 21 हजार दीपों से अपरा काशी मिनी कुंभ 2025 लिखा जाएगा। 5,100 दीपों से दीपदान होगा। गंगातट सजाने व दीप जलाने की जिम्मेदारी कार्यक्रम अधिकारी को सौंपी गई है।
बाबा विश्वनाथ की नगरी (काशी) के अस्सी घाट के आचार्य लक्ष्मी नारायण की टीम के पांच आचार्य आरती करेंगे। कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गंगातट सजाने व दीप जलाने के लिए नगर क्षेत्र, ब्लॉक राजेपुर, बढ़पुर, कमालगंज, मोहम्मदाबाद की करीब 500 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। शुक्रवार को धूप खिलने से कल्पवासी व साधु-संत कुटिया से बाहर निकल कर धूप का आनंद लेते दिखे।
-
एडीएम की फटकार के बाद मेले में चालू हुई बिजली
मेला रामनगरिया में हजारों साधु-संत व कल्पवासी राउटी लगाकर कल्पवास करने के लिए पहुंच चुके हैं। बिजली, पानी, शौचालय की समस्या को लेकर साधु संतों में रोष है। श्रीपंचदसनाम जूना अखाड़ा मेला संत समिति के अध्यक्ष सत्य गिरी महाराज ने बिजली चालू न होने पर शनिवार को हाईवे जाम करने की चेतावनी दी थी। इसकी जानकारी पर एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति ने बिजली ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। इससे ठेकेदार ने गुरुवार देर रात मेले में बिजली आपूर्ति चालू करा दी। हालांकि, साधु-संतों व कल्पवासियों की झोपड़ियों में अभी भी अंधेरा है। एडीएम ने बताया कि मेले का शुभारंभ 13 जनवरी को है। उसी दिन से सभी को बिजली की सप्लाई दी जाएगी। जो भी तैयारियां अधूरी हैं, उन्हें शीघ्र ही पूरा करा दिया जाएगा।
-
मेला थाने में पहुंचा फोर्स
मेला रामनगरिया क्षेत्र में चौकी व थाना तैयार होने के साथ ही शुक्रवार को फोर्स की तैनाती कर ड्यूटी भी लगा दी गई। थाने में कंप्यूटर पहुंच गए हैं। मेला थाना प्रभारी ने संजय राय ने बताया कि जिन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी है, वह आमद कराने लगे हैं। अभी तक छह उपनिरीक्षक, पांच महिला आरक्षी, पांच महिला होमगार्ड व तीन पुरुष आरक्षियों की आमद करा दी गई है।
-
दुर्वासा ऋषि आश्रम में हुआ भंडारा
अनंत श्री विभूषित श्री दुर्वासा जी महाराज की पावन पुण्य स्मृति पर हर साल की तरह विशाल भंडारा किया गया। श्रद्धालुओं ने संतों को भोजन कराने के साथ ही वस्त्र व दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद हजारों भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। स्वामी ओंकारदास ब्रह्मचारी, स्वामी ईश्वरदास ब्रह्मचारी सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।
पहले दिन ही अस्पताल में नहीं पहुंचे डाॅक्टर
मेला रामनगरिया में अस्थायी अस्पताल बनाए गए हैं। संतों व कल्पवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए सीएमओ ने डॉक्टर, फार्मासिस्ट अन्य कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में 10 जनवरी से ड्यूटी लगाई। इसके बावजूद पहले दिन ही अस्पताल में न ताे कोई डॉक्टर व कर्मचारी पहुंचा और न ही स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की गईं। कल्पवासी जुकाम व बुखार से पीड़ित हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग से एक एंबुलेंस भेजकर मरीजों को दवा वितरण कराई गई। एंबुलेंस पर तैनात डाॅ. अनुज अवस्थी, स्टाफ नर्स रूपा सिंह, एलटी निर्देश कुमार ने स्वास्थ्य सेवाएं दीं। सीएमओ अवनींद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने मेला अस्पताल का निरीक्षण किया था। अभी अस्पताल ही पूरी तरह से तैयार नहीं किया गया। गेट भी नहीं लगा। इससे वहां दवाएं भी असुरक्षित हैं। उन्होंने मेला व्यवस्था को अस्पताल तैयार कराने के लिए कहा है। अस्पताल संचालन के साथ मेले में मोबाइल टीमें भी लगाई जाएंगी, जो राउटी में पहुंचकर दवा वितरित करेंगी।