शमसाबाद। थाना क्षेत्र स्थित एक बैंक खाते से चेक पर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए लाखों रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जेठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव लहरा निवासी दीपिका ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रजलामई स्थित बैंक खाते की चेक बुक का दुरुपयोग कर उसके जेठ रजनेश कुमार ने फर्जी हस्ताक्षर के माध्यम से 4.90 लाख रुपये निकाल लिए। खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी होने पर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। थानाध्यक्ष सचिन सिंह चौधरी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी रजनेश कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।