कमालगंज ब्लाक सभागार में बैंक सखी के लिए परीक्षा देती समूह की महिलाएं। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कमालगंज। बैंक सखी के 11 पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में सोमवार को स्वयं सहायता समूह की 35 महिलाएं शामिल हुईं। कुल 100 अंकों के पेपर में 20 प्रश्न पूछे गए। आजीविका मिशन के साथ ही भाषा व गणित के सवाल पूछे गए। स्टेट बैंक, पीएनबी, बैंक आफ इंडिया के लिए एक-एक बैंक सखी का पद रिक्त है। आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के लिए आठ पदों पर चयन किया जाना है।
ब्लाक कार्यालय सभागार में आयोजित लिखित परीक्षा में 39 अभ्यर्थियों में से 35 ने परीक्षा दी। न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण महिलाओं के आवेदन लिए गए थे। गणित के प्रश्नों में योगफल, शेषफल, गुणनफल, ब्याज, भागफल के प्रश्न पूछे गए। स्वयं सहायता समूह के नियमों, ग्राम संगठन, कैश क्रेडिट लिमिट से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए।
प्रोफेशनल कोर्स में अध्ययनरत छात्राओं ने भी पेपर दिया
प्रोफेशनल कोर्स में अध्ययनरत छात्राओं ने भी पेपर दिया। बीएड द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहीं फरहीन ने कहा कि वह स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में योगदान देना चाहती हैं।
इसीलिए वह बैंक सखी बनना चाहती हैं। ब्लाक मिशन मैनेजर केपी मिश्रा, अंबुज रवि, प्रदीप कुमार ने परीक्षा कराई। बैंक सखी को 2750 रुपये प्रति माह मानदेय, 500 रुपये टीडीए के साथ ही बीमा, नये समूह का खाता खुलवाने, सीआईएल, सीसीएल आदि में प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।