फर्रुखाबाद में अनामिका शुक्ला प्रकरण के खुलासे के बाद बा विद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारियों के अभिलेखों की जांच चल रही है। दूसरे दिन जांच में शैक्षिक अभिलेखों के साथ आधार कार्डों का भी सत्यापन फिंगरप्रिंट के आधार पर किया गया। 39 में से 26 शिक्षक और कर्मचारी ही उपस्थित हुए।
जिले में पांच कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय है। राज्य परियोजना निदेशक के आदेश पर इन सभी विद्यालय में तैनात वार्डन, शिक्षक, लेखाकार, रसोइया व चपरासी के अभिलेखों का सत्यापन किया जा रहा है। मंगलवार को नवाबगंज व शमसाबाद बा विद्यालय के 39 शिक्षकों व कर्मचारियों को अभिलेखों के साथ सत्यापन के लिए बुलाया गया था।
13 कर्मचारी और शिक्षक नहीं पहुंचे। बीएसए लालजी यादव ने बताया कि जिनके अभिलेखों का सत्यापन नहीं हुआ है उनको आखिरी मौका बुधवार को दिया जाएगा। आधार कार्ड सत्यापन को मशीन लगाई गई है। जो आखिरी दिन उपस्थित नहीं होंगे, वे कर्मचारी व शिक्षक संदिग्ध माने जाएंगे।