फर्रुखाबाद। लोकसभा चुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लागू होने से जिले भर में लगभग 20 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़कें अधर में लटक गई हैं। चारों विधानसभा क्षेत्र में यह सड़कें त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को बनवानी हैं। हालांकि इन सड़कों का शिलान्यास हो चुका है।
जनवरी 2019 में मुख्यमंत्री ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत अमृतपुर, भोजपुर, कायमगंज और सदर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 20 करोड़ की लागत से सड़कें बनाने का बजट मंजूर किया था। सभी विधानसभा क्षेत्रों में पांच-पांच करोड़ की लागत से करीब 25 से ज्यादा सड़कें बनाई जानी हैं। करीब एक पखवारा पहले हर विधानसभा क्षेत्रों में बनाई जाने वाली इन सड़कों का शिलान्यास भी विधायकों और सांसद ने कर दिया है। पर बीते दिनों लगी आचार संहिता के चलते अब यह सड़कें अधर में लटक गई हैं। अब चुनाव बाद ही इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकेगा। इन सड़कों का निर्माण कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को कराना है।
गौरतलब है कि आदर्श आचार संहिता में कोई भी नए कार्य शुरू नहीं कराए जा सकते हैं। जो कार्य पहले से चल रहे हैं। केवल वही काम होते रहेंगे।